भनवारटंक मरहीमाता में महुआ शराब की अवैध बिक्री पर बड़ी कार्रवाई, 350 लीटर कच्ची शराब जब्त

कोटा क्षेत्र के प्रसिद्ध दर्शनीय स्थल भनवारटंक मरहीमाता में अवैध रूप से बिक रही महुआ शराब पर बेलगहना पुलिस ने सादी वर्दी में बड़ी कार्रवाई की है। यह कदम ‘नशा के विरुद्ध चेतना और प्रहार’ अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजनेश सिंह के निर्देश पर उठाया गया।
पुलिस की टीम दर्शनार्थियों के भेष में मौके पर पहुंची और आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों के नाम रामचरण मरकाम और बृजेश यादव हैं। रामचरण के पास से 210 लीटर और बृजेश के पास से 140 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। इसके साथ ही मौके से कुल 770 रुपये नकद भी मिले।
जब्त की गई कुल शराब की मात्रा 350 लीटर है और नकद राशि मिलाकर जप्त सामग्री की कुल कीमत 70,770 रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया है।
बेलगहना पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है। मरहीमाता जैसे धार्मिक और पर्यटक स्थलों पर नशे का कारोबार न केवल कानून के खिलाफ है, बल्कि समाज और संस्कृति पर भी बुरा प्रभाव डालता है। पुलिस की इस मुहिम से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा है, और स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।





