प्याऊ घरों से बुझेगी प्यास, नगर निगम की जनहित में बड़ी पहल

बिलासपुर: गर्मी के बढ़ते कहर को देखते हुए बिलासपुर नगर निगम ने शहरवासियों और राहगीरों के लिए एक सराहनीय पहल की है। नगर निगम ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में कुल 11 प्याऊ घर स्थापित करने का निर्णय लिया है। इन प्याऊ घरों में स्वच्छ और ठंडा पानी उपलब्ध रहेगा, ताकि तेज धूप में किसी को भी प्यास बुझाने के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े।
प्याऊ घरों को मुख्य रूप से भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख चौराहों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगाया जाएगा। इसका उद्देश्य है कि गर्मी के मौसम में हर व्यक्ति को आसानी से पेयजल मिल सके और किसी को पानी के लिए परेशानी न हो। नगर निगम की यह योजना न केवल जनहितकारी है, बल्कि गर्मी से होने वाली बीमारियों से भी लोगों को बचाने में मददगार साबित होगी।
हर जोन में होगा प्याऊ, जल्द शुरू होगा काम
नगर निगम आयुक्त ने जानकारी दी कि 11 प्याऊ घरों में से 4 सेंट्रल जोन में बनाए जाएंगे, जबकि शेष 7 अन्य जोनों में स्थापित किए जाएंगे। इन प्याऊ घरों में ठंडे और स्वच्छ पानी की पूरी व्यवस्था रहेगी। अधिकारियों का प्रयास है कि आने वाले कुछ ही दिनों में इन प्याऊ घरों को शुरू कर दिया जाए, ताकि गर्मी के समय में शहरवासियों को समय पर राहत मिल सके।





