नेपाल से मेडल जीतकर लौटे बिलासपुर के खिलाड़ी, उस्लापुर स्टेशन में हुआ भव्य स्वागत

बिलासपुर के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से जिले और देश का नाम रोशन किया है। हाल ही में नेपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भारत से 130 खिलाड़ियों का दल भाग लेने गया था, जिसमें बिलासपुर के खिलाड़ी भी शामिल थे।
यह प्रतियोगिता मिनी ओलंपिक की तर्ज पर आयोजित की गई थी, जिसमें कुल 22 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में पावरलिफ्टिंग, वेटलिफ्टिंग, बॉक्सिंग और किक बॉक्सिंग जैसे खेल शामिल थे। भारत के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगभग 6 मेडल अपने नाम किए, जिनमें कुछ मेडल बिलासपुर के खिलाड़ियों ने भी जीते।
बिलासपुर के खिलाड़ी बुधवार को जब वापस लौटे, तो उस्लापुर रेलवे स्टेशन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। खिलाड़ियों के स्वागत के लिए उनके परिजन, कोच और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में स्टेशन पहुंचे थे। स्वागत के दौरान फूल-मालाओं से लादकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया।
खिलाड़ियों के कोच ने आयोजन समिति को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने और सीखने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में और अधिक खिलाड़ी विदेशों में जाकर देश का नाम रोशन करेंगे।





