सफाई, पानी और बिजली की लचर व्यवस्था पर पार्षदों का अल्टीमेटम – नहीं सुधरे हालात तो होगा घेराव

बोदरी नगर पालिका परिषद में सफाई, पानी और बिजली की समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी के पार्षदों का गुस्सा फूट पड़ा है। पार्षदों ने नगर की बिगड़ती व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए साफ कहा है कि अगर जल्द ही हालात नहीं सुधरे, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे और नगर पालिका परिषद का घेराव भी कर सकते हैं।

पार्षदों का कहना है कि उनके वार्डों में न तो नियमित सफाई हो रही है और न ही पीने के पानी की व्यवस्था ठीक है। कई इलाकों में नालियां गंदगी से बजबजा रही हैं, जिससे मोहल्लों में बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। लोग बीमार हो रहे हैं, लेकिन नगर पालिका का अमला चुप्पी साधे बैठा है। वॉर्ड नंबर 07 के पार्षद प्रतिनिधि आशीष खत्री ने बताया कि उनके क्षेत्र में नाली को गलत तरीके से बनाया गया है, जिससे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। वहीं, वॉर्ड नंबर 08 के पार्षद श्याम कुमार आर्य उर्फ गुड्डू ने बताया कि उनके इलाके में कई दिनों से नाली की सफाई नहीं हुई है।

बिजली की लचर व्यवस्था से अंधेरे में वार्डवासी

सिर्फ सफाई और पानी ही नहीं, बिजली की व्यवस्था भी बदहाल है। वार्डों में समय पर लाइट नहीं जलती, जिससे गलियों में अंधेरा रहता है। पार्षदों ने कहा कि अंधेरे के कारण हादसे हो रहे हैं और आम लोग परेशान हैं।

नगर पालिका के अधिकारी कई बार शिकायतों के बाद भी चुप हैं। अब पार्षदों ने सीएमओ को अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तय है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button