रामनवमी पर दर्दनाक हादसा: 7 साल की बच्ची की कुएं में मिली लाश

बलरामपुर – रामनवमी के दिन जब लोग खुशी मना रहे थे, तब नगर पंचायत कुसमी के वार्ड क्रमांक 10 में एक दुखद घटना हो गई। एक 7 साल की बच्ची की लाश पास के कुएं में तैरती हुई मिली। इस घटना से पूरे इलाके में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, बच्ची कल सुबह से ही लापता थी। परिजनों ने आसपास के इलाके में उसे काफी ढूंढा, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
देर रात सूचना मिली कि पास के कुएं में किसी बच्ची का शव तैर रहा है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। शव की पहचान लापता बच्ची के रूप में हुई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि बच्ची खेलते-खेलते कुएं के पास पहुंच गई और गलती से उसमें गिर गई। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।





