बोदरी में पानी की भीषण किल्लत, मोहल्लेवालों का पार्षद के घर के सामने विरोध प्रदर्शन

बिलासपुर की नवगठित नगर पालिका बोदरी में पानी की समस्या ने गंभीर रूप ले लिया है। इलाके में पानी की भारी किल्लत के चलते मोहल्ले के लोगों ने गुस्से में आकर पार्षद भावना खत्री के घर के सामने विरोध प्रदर्शन किया।
दिन में सिर्फ 10 मिनट मिल रहा पानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले उन्हें दिन में दो बार पानी की सप्लाई मिलती थी, लेकिन अब यह घटकर सिर्फ 10 मिनट एक बार ही रह गई है। इससे लोगों को पीने, नहाने और घरेलू कामों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
न बोर, न कुआं, न टैंकर
मोहल्ले की महिलाओं ने बताया कि इलाके में न तो कोई बोरवेल है, न कुआं, और न ही जनप्रतिनिधियों की ओर से टैंकर जैसी कोई वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। महिलाओं ने कहा कि गर्मी के मौसम में हालात और भी बिगड़ सकते हैं, लेकिन प्रशासन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
पार्षद बोलीं – बोर खुदवाया था, लेकिन फेल हो गया
इस पर पार्षद भावना खत्री ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र में बोर खुदवाया था, लेकिन वह फेल हो गया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समस्या का समाधान जल्द निकाला जाएगा।
अध्यक्ष प्रतिनिधि ने पीएचई विभाग को ठहराया जिम्मेदार
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि विजय वर्मा ने जल संकट के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHED) विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि अमृत मिशन योजना के तहत हो रहे कामों में इंजीनियरों की गैरमौजूदगी में खुदाई की जा रही है, जिससे पाइपलाइनें टूट रही हैं और जल आपूर्ति बाधित हो रही है।
जोरा तालाब की गंदगी से भी नाराज़गी
स्थानीय महिलाओं ने जोरा तालाब की सफाई न होने पर भी नाराज़गी जताई। उन्होंने बताया कि तालाब में जलकुंभी और गंदगी के कारण अब उसका उपयोग भी संभव नहीं है। शराबी भी वहां गंदगी फैला रहे हैं, जिससे माहौल खराब हो रहा है। लोगों ने नगर पालिका से तालाब की तुरंत सफाई की माँग की है।





