दंतेवाड़ा में बोले अमित शाह – अगली चैत्र नवरात्रि तक बस्तर होगा नक्सल मुक्त, विकास की राह पर बढ़ रहा है इलाका

दंतेवाड़ा में आयोजित ‘बस्तर पंडुम’ कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में बस्तर अब नक्सल आतंक से मुक्त होने के करीब है और विकास का स्वर्णिम काल देख रहा है। शाह ने भरोसा दिलाया कि अगली चैत्र नवरात्रि तक नक्सलवाद का पूरी तरह से खात्मा हो जाएगा।
अमित शाह ने कहा कि वो दिन अब चले गए जब बस्तर में गोलियों की आवाज और बम धमाकों की गूंज सुनाई देती थी। अब बस्तर विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने नक्सलियों से अपील की कि जो हथियार लेकर जंगलों में हैं, वे मुख्यधारा में लौट आएं। उन्होंने कहा कि जब कोई नक्सली मारा जाता है तो किसी को खुशी नहीं होती। हम चाहते हैं कि सभी भाई समाज की मुख्यधारा से जुड़ें और शांति से जीवन जिएं।
अमित शाह ने यह भी कहा कि जो काम यहां 50 साल में नहीं हुआ, वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिर्फ 5 साल में करके दिखाना चाहते हैं। उन्होंने बस्तर को विकास के पथ पर ले जाने का संकल्प दोहराया और बताया कि सरकार हर वर्ग, खासकर आदिवासियों, दलितों और पिछड़ों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
शाह ने स्वतंत्रता सेनानी और पूर्व केंद्रीय मंत्री बाबू जगजीवन राम की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि बाबूजी ने अपना जीवन गरीबों, दलितों और आदिवासियों के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया था।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी मंच से कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ चल रही लड़ाई अब निर्णायक मोड़ पर है। उन्होंने कहा कि 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद खत्म करने का संकल्प गृह मंत्री ने लिया है और हमें भरोसा है कि मां दंतेश्वरी की कृपा से यह संकल्प जरूर पूरा होगा।
2023 में भाजपा सरकार आने के बाद छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान तेज हुआ है। अब तक करीब 350 नक्सलियों को मार गिराया गया है, जिनमें से अधिकांश बस्तर इलाके से थे। हाल ही में 29 मार्च को हुई मुठभेड़ों में 18 नक्सली मारे गए, जिनमें 11 महिलाएं भी थीं।
1 अप्रैल को शाह ने बताया था कि अब देश में वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित जिलों की संख्या घटकर 12 से सिर्फ 6 रह गई है।





