बिलासपुर:करका बिट के जंगल में अवैध कब्जे पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

बिलासपुर। तेंदुआ वन परिक्षेत्र के करका बिट में आरएफ 130 कंपार्टमेंट की वन भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ गुरुवार को प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की। वन विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने यहां अवैध रूप से बनाई गई 36 झोपड़ियों को जेसीबी मशीन की मदद से ध्वस्त कर दिया।
पांच महीने से कब्जा, कई बार मिला था नोटिस
उपमंडल प्रबंधक चुनेश्वरी अदिति शिवने ने बताया कि इस क्षेत्र में 36 परिवारों द्वारा पिछले 5 से 6 महीनों से अवैध रूप से मकान बनाकर वन भूमि पर कब्जा किया गया था। प्रशासन द्वारा इन्हें चार से पांच बार नोटिस जारी कर जंगल खाली करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद कब्जाधारियों ने स्थान खाली नहीं किया। आखिरकार, प्रशासन ने वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम के साथ मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान कोई विरोध नहीं
जब प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, तब अधिकांश पुरुष घरों से नदारद थे, जिसके कारण कोई विरोध या हंगामा नहीं हुआ। जेसीबी की मदद से सभी झोपड़ियों को तोड़ा गया और वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
अधिकारियों और ग्रामीणों की मौजूदगी
कार्रवाई के दौरान वन विभाग, पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। इस अभियान में उपमंडल प्रबंधक आशुतोष सिंह, परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी वैभव साहू, वन विभाग के अधिकारी पियूष बजाज, अजय यादव, चंद्रानी बंदे, माया आंचल, एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय, थाना प्रभारी राज सिंह और विभागीय कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद थे।
प्रशासन ने साफ किया है कि वन भूमि पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





