नगर निगम आयुक्त ने किया सफाई और निर्माण कार्यों का निरीक्षण

चिरमिरी। नगर निगम चिरमिरी में मंगलवार को आयुक्त रामप्रसाद आचला ने शहर में चल रहे सफाई और निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। यह दौरा छत्तीसगढ़ सरकार के नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव के निर्देशानुसार और नगर निगम चिरमिरी के महापौर रामनरेश राय के मार्गदर्शन में किया गया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त के साथ सहायक अभियंता विजय बधावन और स्वच्छता निरीक्षक रामगोपाल मलिक भी मौजूद थे। उन्होंने भरकुंडी निर्माण कार्य, शहीद राजेश पटेल चौक निर्माण, आकांक्षी शौचालय, छोटा बाजार, एस.एल.आर.एम. सेंटर और बरतुंगा सती मंदिर निर्माण जैसे महत्वपूर्ण स्थलों का जायजा लिया।
आयुक्त ने निर्माण कार्यों को समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को दिए। साथ ही, स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 को ध्यान में रखते हुए शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने स्वच्छता विभाग को निर्देश दिया कि घरों से निकलने वाले सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। इससे शहर की सफाई व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
आयुक्त ने सार्वजनिक शौचालयों की स्वच्छता की भी जांच की और इसे बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सभी की जिम्मेदारी है और नागरिकों को भी इस अभियान में सहयोग करना चाहिए।





