चेट्रीचंड्र महोत्सव: रायगढ़ में निकली भव्य शोभा यात्रा, भक्तिमय हुआ माहौल

रायगढ़: हर साल की तरह इस साल भी सिंधी समाज रायगढ़ ने चेट्रीचंड्र महोत्सव धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर नगर में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जिसने पूरे शहर को भक्ति के रंग में रंग दिया। साईं झूलेलाल जी की झांकी और साईं कंवर राम जी की भिंझकिया इस यात्रा के मुख्य आकर्षण रहे। डीजे, ढोल-नगाड़ों की धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया।

शोभा यात्रा की शुरुआत चक्रधर नगर स्थित सिंधी कॉलोनी पक्की खोली से हुई। श्रद्धालु साईं झूलेलाल जी की प्रतिमा के साथ नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए आगे बढ़े। इस दौरान चक्रधर नगर चौक, हेमू कालानी चौक (सिग्नल चौक) और कच्ची खोली जैसे प्रमुख स्थानों से होते हुए यात्रा केलो नदी तक पहुंची। जगह-जगह भक्तों ने श्रद्धा और आस्था के साथ शोभा यात्रा का स्वागत किया।

फूलों की वर्षा और भक्ति के रंग में रंगा रायगढ़

यात्रा के दौरान नगरवासियों ने भक्तों पर फूलों की वर्षा की और साईं झूलेलाल जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। यात्रा में कई तरह की झांकियां शामिल थीं, जिनमें साईं झूलेलाल जी की झांकी और साईं कंवर राम जी की भिंझकिया मुख्य रूप से आकर्षण का केंद्र बनीं। श्रद्धालु भक्ति के गीतों पर नाचते-गाते नजर आए, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।

यात्रा के अंतिम चरण में श्रद्धालु केलो नदी पहुंचे, जहां साईं झूलेलाल जी की विधिपूर्वक पूजा और आरती की गई। भक्तों ने श्रद्धा के साथ साईं झूलेलाल जी की प्रतिमा को जल में विसर्जित किया। यह दृश्य अत्यंत भावनात्मक था, जहां हजारों श्रद्धालु हाथ जोड़े खड़े थे और उनकी आंखों में भक्ति और श्रद्धा की झलक साफ दिखाई दे रही थी।

चेट्रीचंड्र महोत्सव की यह शोभा यात्रा नगर में आपसी भाईचारे और धार्मिक सौहार्द का प्रतीक बनी। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था, और इस आयोजन ने रायगढ़ में भक्ति और उल्लास का माहौल बना दिया।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button