जीपीएम:अवैध नशीले इंजेक्शन की तस्करी, सप्लायर समेत 4 तस्कर गिरफ्तार

जीपीएम:गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में नशीले इंजेक्शनों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गौरेला थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने 26 मार्च की रात अंडर ब्रिज, पुराना गौरेला के पास वाहनों की तलाशी के दौरान इन तस्करों को पकड़ा।

मोटरसाइकिल सवार तीन युवक पकड़े गए
पुलिस टीम द्वारा चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका गया, जिस पर तीन युवक सवार थे। तलाशी लेने पर उनके पास से 20 नग BUPRENORPHINE INJECTION और 20 नग AVIL INJECTION बरामद हुए। ये दोनों ही इंजेक्शन नशे के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं और बिना चिकित्सीय अनुमति के इनका बेचना या रखना अवैध है।
सप्लायर की भी गिरफ्तारी
तीनों युवकों से पूछताछ के दौरान उन्होंने नशीली दवाओं की आपूर्ति करने वाले मुख्य सप्लायर का नाम बताया, जिसके आधार पर पुलिस ने मनेन्द्रगढ़ निवासी सलमान खान को भी हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, सलमान लंबे समय से नशीली दवाओं की तस्करी में संलिप्त था और आसपास के इलाकों में अवैध रूप से इनकी आपूर्ति करता था।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम और मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अतुल साहू, मनीष मसीह उर्फ मोनू, लक्ष्मण सारथी उर्फ करिया और सलमान खान के रूप में हुई है। इनके खिलाफ NDPS Act की धारा 21, 22(c) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जीपीएम क्षेत्र में बढ़ रही तस्करी, पुलिस की सतर्कता पर सवाल
जीपीएम क्षेत्र में नशीली दवाओं और इंजेक्शनों की तस्करी लगातार बढ़ रही है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कई इलाकों में नशे के सौदागर खुलेआम सक्रिय हैं, लेकिन पुलिस सिर्फ दिखावे के लिए कुछ पर कार्रवाई कर रही है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इन आरोपियों के तार कहां तक जुड़े हैं और क्या इनके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है।





