नवा रायपुर में जल्द दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें, 40 ई-बसों के लिए टेंडर जारी

रायपुर: नवा रायपुर में अब जल्द ही इलेक्ट्रिक बसें दौड़ती नजर आएंगी। नवा रायपुर विकास प्राधिकरण (NRDA) ने आम लोगों की सुविधा के लिए ई-बसें चलाने का फैसला लिया है। इसके तहत 40 ई-बसों के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। ये बसें ग्रास कास्ट कांट्रैक्ट (GCC) मॉडल पर संचालित होंगी, जिसमें बसों और चार्जिंग प्वाइंट्स की जिम्मेदारी बस मालिक की होगी, जबकि प्रति किलोमीटर के हिसाब से एनआरडीए भुगतान करेगा।
रायपुर स्टेशन, माना और अभनपुर तक चलेगी ई-बसें
नवा रायपुर के साथ-साथ रायपुर स्टेशन, माना और अभनपुर तक इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। फिलहाल बीआरटीएस की 30 बसें इन रूटों पर चल रही हैं, लेकिन इनका अनुबंध समाप्त होने वाला है। इसलिए एनआरडीए अब 40 नई ई-बसें लाने जा रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक, टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीन महीने के भीतर ठेका कंपनी को बसें उपलब्ध करानी होंगी। ई-बसों का किराया भी तय कर दिया गया है। नवा रायपुर से रायपुर स्टेशन तक का किराया 30 रुपये होगा।
10 साल के लिए मिलेगा टेंडर, चार्जिंग स्टेशन भी बनेंगे
ई-बसों के संचालन के लिए ठेका कंपनी को 10 साल का टेंडर दिया जाएगा। कंपनी को ही जरूरत के हिसाब से चार्जिंग स्टेशन बनाना होगा, जबकि एनआरडीए चार्जिंग स्टेशन के लिए जमीन और बिजली की सुविधा देगा। हालांकि, बिजली बिल ठेका कंपनी को ही चुकाना पड़ेगा।
प्रदूषण में होगी कमी, सेक्टर इलाकों में मिलेगी ज्यादा सुविधा
ई-बसों का सबसे ज्यादा संचालन नवा रायपुर के सेक्टर इलाकों में किया जाएगा, जिससे एक सेक्टर से दूसरे सेक्टर में आने-जाने की सुविधा बढ़ेगी। एनआरडीए अधिकारियों का कहना है कि ई-बसों के संचालन से पर्यावरण को भी फायदा होगा और प्रदूषण पर नियंत्रण पाया जा सकेगा।





