बलौदाबाजार: मिनरल वाटर प्लांट पर छापा, बिना एक्सपायरी डेट के पानी की बिक्री का खुलासा

बलौदाबाजार। गर्मी के मौसम में मिनरल वाटर की बढ़ती मांग के बीच बलौदाबाजार जिले में बिना उत्पादन तिथि और एक्सपायरी डेट वाले पानी की बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने भाटापारा और सिमगा में स्थित मिनरल वाटर पैकेजिंग संयंत्रों पर छापा मारा।
जांच के दौरान टीम ने सिमगा के जायना एग्रो संयंत्र का निरीक्षण किया, जहां से ‘ZealUp’ नाम का पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और ‘Zeal Up Jeera फीज’ नाम का कार्बोनेटेड बेवरेज के नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि इन नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि ये प्रोडक्ट्स स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित हैं या नहीं। अगर इनमें कोई गड़बड़ी पाई जाती है, तो संबंधित प्लांट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बिना उत्पादन तिथि और एक्सपायरी डेट के पानी की बिक्री पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाने की बात कही है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जिले में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।





