12वीं के छात्र ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, कारणों का नहीं हुआ खुलासा

बिलासपुर जिले के हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम सकर्रा में 12वीं कक्षा के छात्र हरीश चक्रधारी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना 18 मार्च की दोपहर की है। हरीश ने उसी दिन अपना अंतिम परीक्षा दिया था और दोपहर करीब 12 बजे वह अपने घर लौटा।
घर लौटने के बाद हरीश अपने कमरे में चला गया। जब वह काफी देर तक बाहर नहीं निकला तो उसके परिवार वालों को चिंता हुई। करीब 3:30 बजे जब परिजनों ने दरवाजा खोला तो उन्होंने देखा कि हरीश कमरे में मयार (छत की लकड़ी) से गमछे के सहारे लटका हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही हिर्री पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हरीश के पिता बिंदा चक्रधारी उस समय ईंट भट्ठे में काम कर रहे थे। घटना की खबर सुनते ही वह तुरंत घर पहुंचे। पुलिस ने हरीश का शव पोस्टमार्टम के लिए बिल्हा मर्चुरी में रखवाया और मर्ग पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया।
अब तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। हरीश के कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला और उसका मोबाइल भी फिंगरप्रिंट लॉक होने की वजह से पुलिस उसे खोल नहीं पाई। पुलिस का मानना है कि मोबाइल का लॉक खोलकर उसकी कॉल डिटेल की जांच करने पर सच्चाई सामने आ सकती है।
गांव में चर्चा है कि हरीश का परीक्षा सही नहीं गया था, जिससे वह तनाव में था। वहीं, कुछ लोग यह भी कह रहे हैं कि इसके पीछे प्रेम प्रसंग का मामला हो सकता है। हालांकि, वास्तविक कारण क्या है, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।
पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हरीश के दोस्तों और परिवार के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। इस घटना से गांव में शोक का माहौल है और सभी लोग हरीश की आत्महत्या के कारणों को जानने के लिए चिंतित हैं।





