छत्तीसगढ़ में ग्रीष्म लहर का अलर्ट, 15 जिलों में गर्मी बढ़ने की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के 15 जिलों में ग्रीष्म लहर (हीट वेव) चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस संबंध में अलर्ट जारी किया है, जो कल दोपहर 12 बजे तक प्रभावी रहेगा।
इन जिलों में रहेगा ग्रीष्म लहर का असर
मौसम विभाग के अनुसार, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, कोरबा, रायगढ़, सारंगढ़, रायपुर, महासमुंद, धमतरी, गरियाबंद, दुर्ग, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर और कांकेर जिलों में हीट वेव का असर देखने को मिलेगा। इन जिलों में दिन के समय तापमान सामान्य से काफी अधिक रहेगा।
अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा
रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, सरगुजा और बस्तर संभाग के जिलों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, आसमान साफ होने की वजह से सूरज की तेज किरणें सीधे जमीन पर पहुंच रही हैं, जिससे दिन में गर्मी और ज्यादा महसूस हो रही है।
रायपुर का तापमान बढ़ा
रायपुर में आज का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। शुक्रवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 5.1 डिग्री ज्यादा था। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो औसत से 3.7 डिग्री ज्यादा है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की अपील की गई है। जरूरी हो तो सिर ढककर और पानी साथ लेकर ही बाहर निकलें। इसके अलावा बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखने की जरूरत है।
गर्मी का यह असर आने वाले दिनों में और भी बढ़ सकता है। इसलिए लोगों को सतर्क और सावधान रहने की जरूरत है।





