CG Budget 2025:महतारी वंदन योजना में जल्द जुड़ेगे नए नाम, बजट में मिल सकता है बड़ा तोहफा

CG Budget 2025: रायपुर। छत्तीसगढ़ में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार 3 मार्च को बजट पेश किया जाएगा। प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी सोमवार को राज्य का 24वां बजट पेश करेंगे। इस बार बजट का आकार 1 लाख 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक रहने की संभावना है। यह बजट कई मायनों में खास होगा, क्योंकि इसमें महतारी वंदन योजना, बड़े शहरों में मुफ्त वाई-फाई और पर्यटन से जुड़े बड़े ऐलान किए जा सकते हैं।
महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा संभव
छत्तीसगढ़ की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए साय सरकार महतारी वंदन योजना चला रही है। सूत्रों के अनुसार, इस बार बजट में इस योजना का दायरा और बढ़ाया जा सकता है। उम्मीद की जा रही है कि सरकार इस योजना में नए लाभार्थियों को जोड़ने की घोषणा कर सकती है।
नगरीय निकाय चुनाव के दौरान भाजपा ने वादा किया था कि बची हुई पात्र महिलाओं को इस योजना में शामिल किया जाएगा। ऐसे में सरकार इस योजना का बजट भी बढ़ा सकती है, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को इसका लाभ मिल सके।
फ्री वाई-फाई और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
बजट में सरकार बड़े शहरों में मुफ्त वाई-फाई सेवा शुरू करने की घोषणा कर सकती है। इसके अलावा, राज्य के पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाएं भी पेश की जा सकती हैं।
जनता को बड़ी उम्मीदें
प्रदेश के लोगों को इस बजट से कई उम्मीदें हैं। खासतौर पर महिलाओं, युवाओं और व्यापारियों के लिए कई अहम घोषणाएं की जा सकती हैं। अब सबकी निगाहें 3 मार्च को पेश होने वाले छत्तीसगढ़ बजट 2025 पर टिकी हैं।





