CG Raipur:महापौर मीनल चौबे के बेटे का सड़क पर केक काटने का वीडियो हुआ वायरल, जनता से मांगी माफी

CG Raipur:रायपुर:सड़क पर जन्मदिन मनाने और केक काटने पर कड़ी कार्रवाई के मुख्य सचिव के निर्देशों को नवनिर्वाचित महापौर और भाजपा नेत्री मीनल चौबे के बेटे के वायरल वीडियो ने खुली चुनौती दे दी है। हाल ही में मुख्य सचिव ने सभी जिलों के कलेक्टर और एसपी को निर्देश दिया था कि सड़क पर केक काटने और पटाखे फोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
महापौर के बेटे का वीडियो हुआ वायरल
मुख्य सचिव के निर्देशों के 24 घंटे के भीतर ही महापौर मीनल चौबे के बेटे का सड़क पर केक काटने और पटाखे फोड़ने का वीडियो वायरल हो गया। इस वीडियो के सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने इस मामले को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है और मांग की है कि सभी के लिए नियम समान होने चाहिए।
कांग्रेस ने की कार्रवाई की मांग
इससे पहले एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष सहित 10 लोगों को सड़क पर जन्मदिन मनाने के मामले में जेल भेजा गया था। कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि जब आम लोगों और विपक्षी नेताओं पर कड़ी कार्रवाई होती है, तो महापौर के बेटे पर क्यों नहीं? कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा सरकार में दोहरी नीति अपनाई जा रही है।
महापौर मीनल चौबे ने मांगी माफी
मामले के तूल पकड़ने के बाद महापौर मीनल चौबे ने वीडियो पर खेद जताया और जनता से माफी मांगी। उन्होंने स्वीकार किया कि उनके बेटे ने प्रशासनिक नियमों का उल्लंघन किया है और भविष्य में ऐसा न हो, इसके लिए बेटे को दिशा-निर्देशों से अवगत कराने की बात कही। हालांकि, अब तक पुलिस ने इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की है।
पुलिस और प्रशासन पर उठे सवाल
इस मामले पर अब तक पुलिस की चुप्पी पर भी सवाल उठ रहे हैं। आम नागरिकों पर सख्ती दिखाने वाली पुलिस महापौर के बेटे के मामले में अब तक निष्क्रिय बनी हुई है। कांग्रेस का कहना है कि अगर प्रशासन निष्पक्ष है तो महापौर के बेटे पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कदम उठाती है।




