Bollywood news : जॉन अब्राहम ने की छावा की तारीफ, कहा- अच्छा प्रदर्शन कर रही है फिल्म

मुंबई: बॉलीवुड का हैंडसम हंक कहे जाने वाले जॉन अब्राहम ने अपने करियर में कई हिट फिल्में दी हैं. इस वक्त को अपनी नई फिल्म ‘द डिप्लोमैट’ को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं, जो अगले महीने 7 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है. एक्टर इन दिनों अपनी फिल्म के प्रमोशन में काफी बिजी चल रहे हैं. इस मौके पर उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री की मौजूदा स्थिति पर अपनी राय रखी. जॉन का मानना है कि पहले की तुलना में अब फिल्म इंडस्ट्री के लोग उतने सेक्युलर नहीं रहे.
उनका मानना है कि लोग अब हर कदम फूंक-फूंककर रखते हैं और हर चीज को बहुत सोच-समझकर किया जाता है. साथ ही उन्होंने 3 साल बाद 2022 में रिलीज हुई ‘द कश्मीर फाइल्स’ को लेकर भी बात की. इसके अलावा उन्होंने विक्की कौशल की हालिया रिलीज फिल्म ‘छावा’ को लेकर भी खुलकर बात की. उन्होंने फिल्म की जमकर तारीफ की. हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया से बातचीत में जॉन ने कहा कि अब पहले जैसी सेक्युलर सोच इंडस्ट्री में नहीं दिखती.
उन्होंने कहा, ‘सेक्युलर होना और उस भावना को बनाए रखना जरूरी है. आजकल हम हर चीज को लेकर बहुत सावधानी बरतते हैं. क्या हम प्रोपागैंडा फिल्में बना रहे हैं? मुझे नहीं पता, लेकिन जो भी फिल्में बन रही हैं, वे प्रभावी जरूर हैं. अगर कोई ‘द कश्मीर फाइल्स’ या दूसरी ऐसी फिल्मों को प्रोपागैंडा कहे, तो मैं सिर्फ एक दर्शक के तौर पर यही कहूंगा कि ये फिल्में असर छोड़ती हैं’.
जॉन ने आगे कहा कि वे इस बात पर चर्चा नहीं करेंगे कि कोई फिल्म प्रोपागैंडा है या नहीं. उनके लिए सबसे अहम ये है कि कहानी दर्शकों पर क्या असर डालती है. उन्होंने कहा, ‘अगर कोई फिल्म मुझे सही तरीके से प्रभावित कर रही है, तो वो सफल है. एक दर्शक के तौर पर मैं सिनेमा को सिर्फ एन्जॉय करना चाहता हूं. जब कोई फिल्म दर्शकों के दिल और दिमाग को छूती है, तो उसका पूरा श्रेय डायरेक्टर को जाना चाहिए. यही सिनेमा की सबसे बड़ी खासियत होती है’.
साथ ही जॉन अब्राहम ने विक्की कौशल और अक्षय खन्ना की फिल्म ‘छावा’ की भी तारीफ करते हुए बताया कि उन्होंने विकी को मैसेज किया था. उन्होंने कहा, ‘मुझे खुशी है कि विक्की की फिल्म अच्छा प्रदर्शन कर रही है. फिल्न दर्शकों को सिनेमाघरों तक ला रही है, जो सिनेमा इंडस्ट्री के लिए बहुत जरूरी है’. जॉन का मानना है कि अच्छी फिल्मों को दर्शकों का प्यार मिलना चाहिए और छावा इसी कड़ी में एक बेहतरीन फिल्म है.





