chhattisgarh congress : कोंग्रस की हार पर सवाल, ईवीएम अनियमितताओं को बताया जिम्मेदार

बिलासपुर| chhattisgarh congress : बिलासपुर जिला कांग्रेस की अंतर कलह थमने का नाम नहीं ले रही है। यही वजह है कि अब कोटा विधायक के खिलाफ कार्यकर्ता लामबंद हो रहे हैं । पार्टी में कोटा विधायक को पार्टी से हटाने की मांग उठ रही है जिसके लिए पार्टी ने फैक्ट फाइंडिंग कमेटी का गठन किया जो सोमवार को बिलासपुर पहुंची|
कांग्रेस की फैक्ट फाइंडिंग कमेटी ने निकाय चुनावों में पार्टी की हार के कारणों पर विस्तार से चर्चा की। मीडिया वार्ता के दौरान कमेटी ने कहा कि चुनाव ईवीएम से कराए गए, लेकिन वीवीपैट मशीनों का उपयोग नहीं किया गया, जिससे पारदर्शिता पर सवाल उठते हैं। उन्होंने दावा किया कि ईवीएम में गड़बड़ियों की आशंका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, और चुनाव आयोग को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
जब मीडिया ने विधानसभा, लोकसभा और निकाय चुनावों में कांग्रेस की लगातार हार पर प्रतिक्रिया मांगी, तो कमेटी के सदस्यों ने कहा कि इसकी समीक्षा करना प्रदेश कांग्रेस कमेटी का काम है। हालांकि, उन्होंने यह स्वीकार किया कि चुनावी प्रक्रिया में अनियमितताओं और पारदर्शिता की कमी के चलते पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। कमेटी ने कहा कि यदि वीवीपैट मशीनों का उपयोग किया जाता, तो परिणामों की विश्वसनीयता को लेकर जनता में ज्यादा भरोसा होता।
कमेटी की यह टिप्पणी इस बात का संकेत देती है कि कांग्रेस को न केवल चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर ध्यान देने की जरूरत है, बल्कि अपनी रणनीति और संगठनात्मक मजबूती पर भी मंथन करना होगा। पार्टी को अपने कार्यकर्ताओं में जोश भरने, जमीनी स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने और भविष्य के चुनावों में अधिक प्रभावी रणनीति अपनाने की आवश्यकता है।





