ब्रिटिश पीएम ने रूस के खिलाफ मोर्चा खोला, बोले मैं सेना को यूक्रेन भेजने के लिए तैयार

लंदन। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने रूस के खिलाफ बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन अपनी सेना को यूक्रेन भेजने के लिए तैयार है। स्टार्मर ने स्पष्ट किया कि अगर यूरोप की सुरक्षा के लिए जरूरत पड़ी तो ब्रिटेन यूक्रेन में अपनी सेना भेजने को तैयार है। उनका यह बयान अमेरिका के पीछे हटने के बाद आया है। कीर स्टार्मर ने कहा कि
ब्रिटेन रूस के खिलाफ युद्ध में यूक्रेन का समर्थन कर रहा है और सुरक्षा गारंटी देने के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी कहा कि ब्रिटिश सैनिकों को जमीन पर उतारना महत्वपूर्ण हो सकता है।
यूक्रेन की सुरक्षा जरूरी
ब्रिटिश पीएम ने कहा कि वह यह बात हल्के में नहीं कह रहे हैं और सैनिकों को खतरे में डालने का फैसला बड़ी जिम्मेदारी के साथ लिया जाएगा। यूक्रेन की सुरक्षा को गारंटी देने से यूरोप और ब्रिटेन की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। इस बीच, अमेरिका यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध को खत्म करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन इसकी वजह से यूरोप में चिंता बढ़ गई है। स्टार्मर ने बताया कि वह सोमवार को पेरिस में एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे, जिसमें यूरोप के कई राष्ट्राध्यक्ष हिस्सा लेंगे।
अमेरिकी समर्थन पर जोर
उन्होंने कहा कि रूस के खिलाफ अमेरिकी समर्थन बेहद महत्वपूर्ण है। स्थायी शांति के लिए अमेरिका की सुरक्षा गारंटी जरूरी होगी, क्योंकि सिर्फ अमेरिका ही पुतिन को दोबारा हमला करने से रोक सकता है।





