Oath-taking ceremony: कृषि कॉलेज में छात्र संघ के पदाधिकारियों ने ली शपथ

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत कृषि महाविद्यालय रायपुर में छात्र संघ का शपथ ग्रहण समारोह हुआ। कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने नए छात्र संघ के पदाधिकारियों को पद और संनिष्ठा की शपथ दिलाई। डॉ. चंदेल ने छात्र संघ पदाधिकारियों से अपील की कि वे छात्रों के हित में काम करेंगे और अपनी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने छात्रों से यह भी कहा कि वे अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर बेहतर भविष्य निर्माण करें और राष्ट्र के निर्माण में भागीदार बनें।
इस दौरान छात्र संघ अध्यक्ष शुभाश्री पंडा, उपाध्यक्ष प्रियंका स्वाइन, महासचिव अर्चना जी, सहसचिव अनुष्का चौरसिया ने पद और दायित्व निर्वहन की शपथ ली। इसके साथ ही विभिन्न कक्षा प्रतिनिधियों ने भी शपथ ली, जिनमें एमएससी (कृषि) अंतिम वर्ष की प्रतिनिधि शुभाश्री महापात्रा, एमएससी (कृषि) प्रथम वर्ष की प्रतिनिधि जदला सुप्राजा, बीएससी (कृषि) चतुर्थ वर्ष की प्रतिनिधि सिफत, बीएससी (कृषि) तृतीय वर्ष की प्रतिनिधि इशा ठाकरे, बीएससी (कृषि) द्वितीय वर्ष के प्रतिनिधि तेजस्वी त्रिपाठी और बीएससी (कृषि) प्रथम वर्ष की प्रतिनिधि गुलशन अरा शामिल हैं।
इस कार्यक्रम में कृषि महाविद्यालय रायपुर के अधिष्ठाता डॉ. जी.के. दास, स्वामी विवेकानंद कृषि अभियांत्रिकी के अधिष्ठाता डॉ. वी.के. पांडेय, कृषि विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा और निदेशक विस्तार सेवाएं डॉ. एस.एस. टुटेजा सहित अन्य विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। छात्र संघ प्रभारी डॉ. आर.पी. कुजुर ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।





