Salman Khan: सलमान खान का खौ़फनाक अनुभव, फ्लाइट में 45 मिनट तक टर्बुलेंस, घबराए हुए थे सभी

Salman Khan: बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान ने हाल ही में अपने जीवन का सबसे डरावना अनुभव साझा किया है, जिसमें वह एक फ्लाइट में 45 मिनट तक टर्बुलेंस (वायु हलचल) का सामना कर रहे थे। इस दौरान सभी यात्री बहुत घबराए हुए थे, लेकिन सलमान के छोटे भाई सोहेल खान तो चैन की नींद सो रहे थे।
यह खुलासा सलमान खान ने अपने भतीजे अरहान खान के यूट्यूब चैनल Dumb Biryani पर एक पॉडकास्ट के दौरान किया। सलमान ने बताया कि वह आईफा अवॉर्ड शो से श्रीलंका से वापस आ रहे थे, तभी अचानक उनकी फ्लाइट में झटके लगने लगे। शुरुआत में यह सामान्य सा लगा, लेकिन फिर झटके तेज होने लगे और फ्लाइट में सन्नाटा छा गया।
सलमान ने आगे बताया कि वह और सोहेल एक ही फ्लाइट में थे, और जब उन्होंने सोहेल को देखा, तो वह पूरी तरह से सो रहे थे। सलमान ने कहा, “झटके 45 मिनट तक चलते रहे, और मैं सोच रहा था कि यह कितना डरावना हो सकता है।”
सलमान ने बताया कि जब उन्होंने पायलट को टेंशन में देखा, तो उनका डर और भी बढ़ गया। उन्होंने कहा, “मैंने एयर होस्टेस को देखा, वह प्रार्थना कर रही थी। तब मुझे लगा कि क्या हो रहा है? पायलट भी परेशान नजर आ रहे थे, जो आमतौर पर बहुत शांत रहते हैं। फिर ऑक्सीजन मास्क नीचे आ गए, और मैं सोचने लगा कि यह सब मैंने सिर्फ फिल्मों में ही देखा था।”
हालांकि, 45 मिनट के बाद स्थिति सामान्य हो गई और लोग फिर से हंसी मजाक करने लगे। लेकिन फिर से फ्लाइट में हलचल शुरू हो गई, इस बार सिर्फ 10 मिनट के लिए। सलमान ने कहा, “उस पल से लेकर जब तक हम लैंड नहीं हुए, किसी ने एक शब्द भी नहीं कहा। लेकिन जैसे ही हम जमीन पर उतरे, सभी की चाल बदल गई थी और वे सब स्टाइल में चलने लगे।”





