पिछड़ा वर्ग के आरक्षण को लेकर आंदोलन की चेतावनी, रमेश यदु ने उठाया मुद्दा

पिछड़ा वर्ग के आरक्षण : छत्तीसगढ़ राज्य में पिछड़ा वर्ग के आरक्षण को शून्य कर दिया गया है। जिन जातियों के दम पर सरकारें बनती है उसी जाति वर्ग के लोगों को दरकिनार किया जा रहा है। इस गंभीर मुद्दे पर सरकार बात करना नहीं चाहती। राज्य के 33 जिलों में एक भी जिले को आरक्षण का लाभ नहीं दिया गया है। आरक्षण की मांग को लेकर जगह-जगह आंदोलन किया जाएगा। जनता तक इस मुद्दे को लेकर जाएंगे। उक्त बातें छत्तीसगढिय़ा सर्व समाज महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु ने कही।
गुरुवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए रमेश यदु ने कहा कि यह पहली सरकार है जिन्होंने पिछड़ा वर्ग के आरक्षण को शून्य घोषित कर दिया है। राज्य में पिछड़ा वर्ग के लोगों की संख्या 50 प्रतिशत है। नगर पालिका, नगर पंचायतों में संख्या होने के बाद भी ओबीसी वर्ग को इसका लाभ नहीं दिया गया। सुनियोजित ढंग से विधानसभा में भी आरक्षण के मुद्दे को दबाकर रखा गया। एसटी वर्ग भी आरक्षण विरोधी नीति को लेकर सरकार को कोस रही है।





