NAGRI NIKAY CHUNAV: बिलासपुर में नगरीय निकाय चुनाव की तैयारी पूरी, 2700 कर्मचारियों को मिलेगा प्रशिक्षण

बिलासपुर। बिलासपुर जिले के 7 नगरीय निकायों में होने वाले चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव प्रक्रिया को सही तरीके से संपन्न कराने के लिए 2700 कर्मचारियों और अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इन कर्मचारियों को 30 और 31 जनवरी को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। कलेक्टर ने सभी मतदान दलों को इस प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया है।
कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश शरण के निर्देश पर यह प्रशिक्षण स्वामी आत्मानंद स्कूल दयालबंद और स्वामी आत्मानंद लाल बहादुर शास्त्री उमावि में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण में 1800 कर्मियों को मल्टीपर्पज स्कूल और 900 कर्मियों को शास्त्री स्कूल में एक दिन में प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण का आयाेजन दो पालियों में होगा। पहली पाली सुबह 10 बजे से 1:30 बजे तक और दूसरी पाली 2 बजे से शाम 5:30 बजे तक कर्मचारियों को उपस्थित रहना पड़ेगा। प्रत्येक पाली में 450 कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। मास्टर ट्रेनर्स द्वारा कर्मचारियों को EVM और मतपेटी से मतदान की प्रक्रिया समझाई जाएगी।





