धान से भरे ट्रक में लगी भीषण आग, समय पर नहीं पहुंची फायर बिग्रेड की टीम

रायपुर। अभनपुर-राजिम मार्ग पर स्थित विंध्यवासिनी नगर (धर्मकांटा) के पास धान से भरे ट्रक में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चालक ने गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना के तुरंत बाद मौके पर तहसीलदार और पुलिसकर्मी पहुंचे। बता दें कि आग की सूचना के आधे घंटे बाद भी फायर ब्रिगेड का कोई वाहन घटना स्थल पर नहीं पहुंच पाया था।
राहगीरों और आसपास के निवासियों ने बाल्टियों और पानी टैंकर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण स्थिति नियंत्रित नहीं हो पाई। आखिरकार मौके पर पहुंची 3 फायर ब्रिगेड गाड़ी ने आग पर काबू पाया। तब तक ट्रक के सामने का हिस्सा बुरी तरह जल चुका था। आग लगने का कारण वाहन में शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। अभनपुर तहसीलदार रामप्रसाद बघेल ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि घटना के समय ट्रक रायपुर की ओर जा रही थी। ट्रक में लोड धान को ज्यादा क्षति नहीं पहुंची है। फिलहाल आगजनी से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।





