छत्तीसगढ़ में बंपर भर्ती, विभिन्न विभागों में निकली वैकेंसी, सीएम साय ने सोशल मीडिया पर किया ऐलान

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री की पहल पर अलग-अलग विभागों में कई पदों पर भर्ती निकली है. इस बीच सीएम साय ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर अलग-अलग विभाग में विभिन्न पदों पर भर्ती की जानकारी दी है.

स्वास्थ्य विभाग में 650 पदों पर भर्ती: मुख्यमंत्री की पहल पर राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग में 650 पदों पर भर्ती निकाली है. वित्त विभाग की ओर से स्वास्थ्य विभाग में रिक्त विभिन्न 650 पदों पर भर्ती की अनुमति दे दी गई है. वित्त विभाग की ओर से स्वास्थ्य विभाग को स्टॉफ नर्स, टेक्नीशियन, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक, ड्रेसर, वार्ड ब्वॉय, वार्ड आया सहित कुल 650 पदों पर भर्ती के लिए अनुमति दी गई है. अस्पतालों में स्वास्थ्य कर्मी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर इन पदों की भर्ती की जाए.

वित्त विभाग की ओर से दी गई अनुमति: वित्त विभाग की ओर से स्टॉफ नर्स के 225, सायकेट्रिक नर्स के 5, ओटी टेक्नीशियन के 15, डेंटल टेक्नीशियन के 5 पदों पर भर्ती निकली है. वहीं, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक पुरूष एवं महिला के 100-100, सहायक ग्रेड-3 एवं फार्मासिस्ट ग्रेड-2 के 25-25 पदों पर भर्ती निकली है. इसके साथ ही ड्रेसर ग्रेड-1 के 50 और वार्ड ब्वॉय के साथ ही वार्ड आया के 50-50 की भर्ती निकली है.

छत्तीसगढ़ नगर सैनिक 465 पदों पर भर्ती: मुख्यमंत्री साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ में नगर सैनिकों के 465 पदों पर भर्ती निकाली गई है. यह भर्ती बिलासपुर राजस्व संभाग के अंतर्गत पड़ने वाले जिलों के लिए की जा रही है. लंबे समय बाद नगर सैनिकों के पदों पर हो रही इस भर्ती को लेकर युवाओं में उत्साह है. यह भर्ती प्रक्रिया 16 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलेगी.

छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में 341 पदों पर मांगे गए आवेदन : छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग ने 341 पदों पर भर्ती अधिसूचना जारी की है. यह भर्ती उन युवाओं के लिए सुनहरा मौका है, जो छत्तीसगढ़ पुलिस में शामिल होना चाहते हैं. इस में सूबेदार, सब इंस्पेक्टर, प्लाटून कमांडर सहित अन्य पदों पर भर्ती की जाएगी.

पीएचई विभाग में 181 पदों पर आई वैकेंसी: पीएचई में इंजीनियर्स सहित कुल 181 पदों पर भर्ती निकाली गई है. मुख्यमंत्री साय के निर्देश पर वित्त विभाग ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में इंजीनियर्स सहित अन्य पदों पर भर्ती को मंजूरी दी है. नई भर्ती से विभाग के कामकाज की गुणवत्ता में सुधार लाया जाएगा. साथ ही पेयजल व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जाएगा.

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button