पति ने पत्नी को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश, चरित्र संदेह में वारदात; गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र में एक महिला को उसके पति द्वारा कथित तौर पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसी महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि आरोपी पति घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

आधी रात को सोते समय किया हमला

जानकारी के अनुसार, ग्राम रेलहा निवासी 45 वर्षीय महिला अपने पति और चार बच्चों के साथ रहती है। मंगलवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन के बाद सो गए थे। आरोप है कि रात करीब ढाई बजे पति ने पहले बच्चों के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी और फिर परछी में सो रही पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

आग लगते ही महिला चीखने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर उसकी जान बचाई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

महिला गंभीर रूप से झुलसी, आरोपी फरार

घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई। प्रारंभिक उपचार के बाद उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का बयान दर्ज किया और आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया।

बुधवार शाम पुलिस को आरोपी के बलौदाबाजार क्षेत्र में होने की सूचना मिली थी, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही वह वहां से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

30 साल की शादी के बाद भी बना रहा शक

पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी शादी को करीब 30 वर्ष हो चुके हैं। दंपति के तीन बेटियां और एक बेटा हैं। महिला का आरोप है कि उसका पति लंबे समय से उसके चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात को लेकर अक्सर विवाद तथा मारपीट करता था।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद और चरित्र संदेह को घटना का कारण माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button