पत्रकार हाउसिंग सोसायटी में विवाद गहराया: उपाध्यक्ष सुनीता तिवारी के इस्तीफे से मचा हड़कंप, FIR की तैयारी की चर्चा

रायपुर। राजधानी की पत्रकार गृह निर्माण सहकारी समिति मर्यादित में कथित वित्तीय अनियमितताओं और प्रशासनिक विवाद का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। समिति की उपाध्यक्ष सुनीता तिवारी के इस्तीफे के बाद विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। इस्तीफा पत्र में उन्होंने समिति के अध्यक्ष प्रेम पाठक की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं, जिससे सदस्यों के बीच वित्तीय पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर बहस तेज हो गई है।
समिति के कई सदस्यों का आरोप है कि अध्यक्ष प्रेम पाठक ने अपने कार्यकाल के दौरान बैंक खातों के लेन-देन, बैंक स्टेटमेंट, आय-व्यय का विवरण और अन्य वित्तीय दस्तावेज निदेशक मंडल तथा सामान्य सदस्यों के सामने प्रस्तुत नहीं किए। उनका कहना है कि कई बार जानकारी मांगने के बावजूद रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराए गए। उपाध्यक्ष सुनीता तिवारी ने भी अपने इस्तीफे में इसी मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए वित्तीय पारदर्शिता के अभाव पर आपत्ति जताई है।
विवाद का एक बड़ा कारण बैंक हस्ताक्षरकर्ता (सिग्नेटरी) में कथित बदलाव भी बताया जा रहा है। कुछ सदस्यों का आरोप है कि निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना उपाध्यक्ष को हस्ताक्षरकर्ता पद से हटाकर किसी अन्य व्यक्ति को अधिकृत कर दिया गया। उनका दावा है कि इस तरह के निर्णय के लिए निदेशक मंडल की विधिवत स्वीकृति आवश्यक होती है।
सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया है कि पिछले चार वर्षों से अधिक समय में समिति की सामान्य सभा आयोजित नहीं की गई। हाल ही में कई वरिष्ठ पत्रकार सदस्यों ने बैठक कर वित्तीय अभिलेख सार्वजनिक करने, विशेष ऑडिट और जरूरत पड़ने पर फॉरेंसिक ऑडिट कराने की मांग की है।
इसी बीच कुछ सदस्यों ने मामले में पुलिस शिकायत और एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी की बात कही है। हालांकि, लगाए गए आरोपों पर अध्यक्ष प्रेम पाठक की ओर से अब तक कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की वास्तविक स्थिति और आरोपों की सत्यता का निर्धारण जांच एवं कानूनी प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।





