ऑडी सवार पर्यटकों की पुलिस से बहस, महिला ने सब-इंस्पेक्टर को दी धमकी; तीन पर केस दर्ज

हरिद्वार में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को लेकर ऑडी कार में सवार पर्यटकों और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि वाहन में मौजूद महिला और उसके साथियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से अभद्रता की, गाली-गलौज की और धमकी दी। मामले में पुलिस ने दो युवकों और एक महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वाहन को जब्त कर लिया है।

स्नान पर्व के दौरान हुआ विवाद

घटना 14 जून की बताई जा रही है, जब सोमवती अमावस्या स्नान पर्व और लंबे अवकाश के चलते हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष डायवर्जन योजना लागू की गई थी। कनखल थाना क्षेत्र के देशरक्षक तिराहे पर पुलिसकर्मी वाहनों को निर्धारित मार्ग की ओर भेज रहे थे।

इसी दौरान ऑडी कार को वैकल्पिक मार्ग से जाने के लिए कहा गया, लेकिन वाहन सवारों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार, कार में मौजूद लोगों ने निर्देशों का पालन करने के बजाय बहस और अभद्र व्यवहार किया।

महिला और साथियों पर धमकी देने का आरोप

मौके पर मौजूद सब-इंस्पेक्टर महिपाल सिंह के अनुसार, महिला ने उन्हें धमकी देते हुए आपत्तिजनक शब्द कहे। वहीं, उसके साथ मौजूद दो युवकों ने भी पुलिसकर्मियों को डराने-धमकाने की कोशिश की। आरोप है कि उन्होंने खुद को प्रभावशाली बताते हुए पुलिस कार्रवाई रुकवाने की बात कही।

पुलिस का कहना है कि विवाद के दौरान गाली-गलौज और धक्का-मुक्की भी हुई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। स्थानीय लोगों और अन्य पुलिसकर्मियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई।

वीडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। जांच के दौरान वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, अभद्रता और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस जांच में आरोपियों की पहचान नई दिल्ली के उत्तम नगर निवासी क्षतिज बाली, उनकी पत्नी और संकेत बाली के रूप में हुई है। कार्रवाई के दौरान ऑडी कार को भी जब्त कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। वहीं, घटना के बाद आरोपियों में शामिल एक युवक का माफी मांगते हुए वीडियो भी सामने आया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button