बस्तर पुलिस ने नष्ट किया 2 करोड़ से अधिक का गांजा, 61 मामलों में जब्त 2235 किलो मादक पदार्थ जलाया

बस्तर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 करोड़ 2 लाख 97 हजार 560 रुपए मूल्य के 2235 किलोग्राम गांजे को नष्ट कर दिया। यह गांजा विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज 61 मामलों में जब्त किया गया था। पुलिस ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत जब्त मादक पदार्थ को एनएमडीसी प्लांट के फर्नेस में जलाकर नष्ट किया।
61 मामलों में जब्त किया गया था गांजा
पुलिस के अनुसार, नष्ट किया गया गांजा मुख्य रूप से ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते देश के विभिन्न राज्यों में तस्करी के दौरान पकड़ा गया था। लंबे समय से सुरक्षित रखे गए इस मादक पदार्थ को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नष्ट किया गया।
कार्रवाई के दौरान बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और नारकोटिक्स विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया को नियमानुसार और सुरक्षा मानकों के तहत पूरा किया गया।
6500 मिलीलीटर नशीली सिरप भी की गई नष्ट
गांजे के साथ-साथ 6500 मिलीलीटर नशीली सिरप को भी नष्ट किया गया। पुलिस ने इसे गड्ढा खोदकर नियमानुसार नष्ट किया। इसके अलावा नशीली सिरप की खाली प्लास्टिक बोतलों को पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए रीसाइक्लिंग के लिए प्लास्टिक फैक्ट्री भेजा गया।
यह कार्रवाई नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की गाइडलाइन के तहत की गई।
नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
बस्तर पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य समाज को नशामुक्त बनाना और युवाओं को मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव से बचाना है।
अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी नशीले पदार्थों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और तस्करों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





