छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार थमी, अगले 5 दिनों तक बारिश और तेज हवाओं के आसार

छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री से पहले उसकी रफ्तार फिलहाल थम गई है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
अगले पांच दिनों तक मौसम रहेगा सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। बीते 24 घंटों के दौरान उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में तेज हवा और बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं, जबकि राज्य के विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
दुर्ग सबसे गर्म, अंबिकापुर रहा सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
रायपुर में अंधड़ और बारिश का अलर्ट
राजधानी रायपुर में मंगलवार को बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने शहर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून की प्रगति फिलहाल धीमी है, लेकिन अनुकूल परिस्थितियां बनने के बाद इसके प्रदेश में आगे बढ़ने की संभावना है।





