ओवरटेक के दौरान दर्दनाक हादसा, बाइक का फुटरेस्ट युवक के सिर में घुसा; इलाज के दौरान मौत

बालोद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में नगर पालिका के एक कर्मचारी की मौत हो गई। बस को ओवरटेक करने के दौरान दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें दूसरी बाइक का फुटरेस्ट युवक के सिर में घुस गया। काफी मशक्कत के बाद कटर मशीन से फुटरेस्ट निकालकर घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

ओवरटेक के दौरान हुई आमने-सामने की टक्कर

जानकारी के मुताबिक, पाररास वार्ड क्रमांक-1 निवासी 35 वर्षीय वामेन साहू शनिवार सुबह काम से लौटकर घर जा रहे थे। गणेश मंदिर के पास उन्होंने एक बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान सामने से आ रही एक बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि वामेन साहू उछलकर दूसरी बाइक के फुटरेस्ट पर जा गिरे और लोहे का हिस्सा उनके सिर में धंस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर कटर मशीन की मदद से फुटरेस्ट काटकर बाहर निकाला गया।

दंपती को मामूली चोट, युवक ने तोड़ा दम

घटना के समय दूसरी बाइक पर घुमका निवासी पुनाराम यादव और उनकी पत्नी भगवंतीन सवार थे, जो अपने रिश्तेदार के घर बालोद आ रहे थे। हादसे में दंपती सड़क किनारे नाली में जा गिरे और उन्हें मामूली चोटें आईं।

वहीं गंभीर रूप से घायल वामेन साहू को पहले जिला अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। वामेन नगर पालिका में स्वच्छ भारत मिशन के तहत हेल्पर के रूप में कार्यरत थे और परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे।

तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग बनी हादसे की वजह

पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और गलत तरीके से ओवरटेक करना सामने आया है। जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वहां सड़क का हिस्सा संकरा बताया जा रहा है। बस के पीछे होने के कारण सामने से आ रही बाइक दिखाई नहीं दी, जिससे यह भीषण टक्कर हुई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button