ग्रीष्मकालीन खेल शिविर का समापन, 3 हजार खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर

धमतरी जिले में आयोजित 30 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन हुआ। इस शिविर में जिले के 90 स्कूलों के 3 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर विभिन्न खेल विधाओं में प्रशिक्षण प्राप्त किया। समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
विभिन्न खेलों में मिला प्रशिक्षण
जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारना और खेल संस्कृति को बढ़ावा देना था। 9 मई से 8 जून तक नगर निगम इंडोर स्टेडियम में आयोजित शिविर में वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, हैंडबॉल, योग, कुडो, शतरंज, बैडमिंटन, गतका, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो और नेटबॉल सहित कई खेलों का प्रशिक्षण दिया गया।
कलेक्टर ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
समापन समारोह में कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने खिलाड़ियों से मुलाकात की और तीरंदाजी में भी हाथ आजमाया। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण शिविर जिले के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेलों में निरंतर मेहनत करने और भविष्य में उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
अग्निवीर में चयनित युवाओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान अग्निवीर योजना में चयनित 63 युवाओं को भी सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। जिला प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराने और उन्हें आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।





