बलौदाबाजार में यातायात नियमों पर सख्ती, ओवरस्पीडिंग-ओवरलोडिंग पर चलेगा विशेष अभियान

बलौदाबाजार जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने ट्रांसपोर्टरों, बस संचालकों और सड़क सुरक्षा से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की। बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई और नियमों के पालन पर जोर दिया गया।

यातायात नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ओपी शर्मा ने कहा कि जिले में ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, अनधिकृत पार्किंग और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वाहन मालिकों और संचालकों को निर्धारित फिटनेस मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को यातायात नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

सड़क हादसे में मददगार नागरिकों का सम्मान

बैठक के दौरान ग्राम दरचुरा में हुए भीषण सड़क हादसे के दौरान घायलों की मदद कर उनकी जान बचाने वाले चार नागरिकों को सम्मानित किया गया। लोकेश साहू, मोहम्मद शाहिद रजा, मनोज माण्डे और नारायण पाल को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इन लोगों ने दुर्घटना के बाद तत्काल सहायता उपलब्ध कराकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

‘गोल्डन ऑवर’ का महत्व बताया, सहयोग की अपील

पुलिस अधीक्षक ने सड़क दुर्घटनाओं के बाद पहले एक घंटे यानी ‘गोल्डन ऑवर’ को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि समय पर उपचार मिलने से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में बिना किसी भय या कानूनी चिंता के घायलों की मदद करें और उन्हें जल्द अस्पताल पहुंचाएं।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) संजय साहू, यातायात शाखा के अधिकारी, बस एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्टर मौजूद रहे। सभी ने जिले में सुरक्षित और बेहतर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन को सहयोग देने का भरोसा जताया।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button