रेलवे स्टेशन और ट्रेन में चोरी की दो घटनाएं, महिला का मंगलसूत्र और यात्री का बैग गायब

रायगढ़ में रेलवे स्टेशन और चलती ट्रेन में चोरी की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। एक मामले में महिला यात्री का सोने का मंगलसूत्र चोरी हो गया, जबकि दूसरे मामले में एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहे यात्री का बैग अज्ञात चोर लेकर फरार हो गया। दोनों मामलों में जीआरपी ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भीड़भाड़ का फायदा उठाकर मंगलसूत्र चोरी
पहली घटना में चांदनी चौक धोबीपारा निवासी 48 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि वह अपनी बेटी के साथ अकलतरा जाने के लिए रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर ट्रेन का इंतजार कर रही थीं। बिलासपुर-रायगढ़ मेमू ट्रेन के जनरल कोच में सवार होने के बाद उन्हें भीड़ के बीच अपने गले से सोने का मंगलसूत्र गायब मिला।
पीड़िता के अनुसार, करीब 4 ग्राम वजन का मंगलसूत्र, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपए बताई जा रही है, किसी अज्ञात व्यक्ति ने भीड़ का फायदा उठाकर चोरी कर लिया। घटना के बाद महिला ने जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एक्सप्रेस ट्रेन से बैग लेकर फरार हुआ चोर
दूसरी घटना बलसाड़-पुरी एक्सप्रेस में हुई। ओडिशा निवासी एक यात्री ने शिकायत में बताया कि वह ट्रेन के बी-1 कोच में सफर कर रहे थे। यात्रा के दौरान उन्होंने अपना बैग सीट के पास रखकर आराम किया। सुबह नींद खुलने पर बैग गायब मिला।
यात्री के मुताबिक बैग में लैपटॉप, पर्स, दो क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड समेत करीब 45 हजार रुपए का सामान रखा था। घटना का पता चलने पर उन्होंने जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई।
जीआरपी ने दर्ज की एफआईआर, जांच जारी
रेलवे पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि चोरी की घटनाओं की जांच के लिए टीम गठित की गई है और रेलवे स्टेशन व ट्रेन के आसपास उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।
जीआरपी का कहना है कि दोनों मामलों में आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल जांच जारी है।





