छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन मौसम का बदलेगा मिजाज: आंधी, बारिश और गरज-चमक का अलर्ट, जल्द पहुंचेगा मानसून

छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। दक्षिण छत्तीसगढ़ के जिलों में मौसम संबंधी गतिविधियां अधिक प्रभावी रहने का अनुमान है। वहीं, तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
4-5 दिनों में मानसून की दस्तक संभव
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले चार से पांच दिनों के भीतर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर सकता है। मानसून वर्तमान में महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कई क्षेत्रों तक पहुंच चुका है। इसके प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ रही है और मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन दर्ज नहीं किया गया। बिलासपुर में सर्वाधिक 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान चंद्रपुर, देवभोग, बस्तर और नवागढ़ सहित कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
सक्रिय मौसम प्रणालियों का दिख रहा असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार झारखंड और आसपास के क्षेत्रों में बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही झारखंड से तेलंगाना तक फैली ट्रफ लाइन छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है। यही मौसम प्रणाली प्रदेश में नमी खींच रही है और गरज-चमक के साथ बारिश की स्थितियां पैदा कर रही है।
इसके अलावा उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर भी एक ऊपरी हवा का चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है, जिसका प्रभाव आसपास के क्षेत्रों के मौसम पर पड़ रहा है।
60 किमी प्रतिघंटा तक चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग ने रविवार के लिए प्रदेश के कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और बारिश होने की संभावना भी जताई गई है।
अगले दो दिनों तक 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं।
राजधानी रायपुर में रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने, धूलभरी आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।





