रायपुर में सफाई व्यवस्था ठप, भुगतान विवाद पर ठेकेदारों की हड़ताल शुरू

राजधानी रायपुर में सफाई व्यवस्था एक बार फिर संकट में आ गई है। भुगतान नहीं मिलने से नाराज सफाई ठेकेदारों ने बुधवार से काम बंद कर दिया है। हड़ताल के कारण नगर निगम के सभी 70 वार्डों में सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है और कई इलाकों में कचरा उठाव नहीं हो सका है।

चार महीने से भुगतान लंबित होने का आरोप

सफाई ठेकेदारों का आरोप है कि उन्हें पिछले चार महीनों से भुगतान नहीं किया गया है। इस संबंध में उन्होंने दो दिन पहले नगर निगम प्रशासन और नेता प्रतिपक्ष को ज्ञापन सौंपकर बकाया राशि जारी करने की मांग की थी। साथ ही चेतावनी दी गई थी कि समय पर भुगतान नहीं होने की स्थिति में काम बंद कर दिया जाएगा। मांगें पूरी नहीं होने पर ठेकेदारों ने हड़ताल का रास्ता अपनाया।

यूजर चार्ज बढ़ने के बीच बढ़ा विवाद

हाल ही में नगर निगम ने आवासीय और व्यावसायिक यूजर चार्ज में वृद्धि का फैसला किया था, जिसका विपक्ष पहले से विरोध कर रहा है। अब सफाई ठेकेदारों की हड़ताल ने निगम की कार्यप्रणाली और वित्तीय प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विपक्ष का कहना है कि शहर में पहले से सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं है और भुगतान में देरी प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती है।

कचरा संकट और बीमारियों का खतरा

हड़ताल लंबी खिंचने की स्थिति में शहर में कचरे का संकट गहरा सकता है। गर्मी और बारिश के मौसम में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से संक्रमण और मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका है। फिलहाल नगर निगम प्रशासन ठेकेदारों से बातचीत कर समाधान निकालने और सफाई व्यवस्था को जल्द बहाल करने के प्रयास में जुटा हुआ है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button