छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन बारिश-आंधी का अलर्ट, 24 घंटे बाद फिर बढ़ेगा तापमान

छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज अगले पांच दिनों तक बदला हुआ रहने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है। हालांकि अगले 24 घंटे तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
इस बीच मरवाही वनमंडल के जंगल में भीषण गर्मी और लू के कारण एक मादा भालू की मौत हो गई है। वन विभाग ने मामले की पुष्टि की है।
प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अगले पांच दिनों तक अंधड़ और बारिश का दौर जारी रह सकता है। रायपुर समेत कई जिलों में धूलभरी आंधी चलने की संभावना जताई गई है। राजधानी रायपुर में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को तेज हवाओं और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
गरियाबंद में सबसे ज्यादा बारिश, राजनांदगांव सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 30 मिलीमीटर बारिश गरियाबंद जिले में रिकॉर्ड की गई। वहीं, सुकमा और सूरजपुर के रामानुजनगर में 20-20 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई।
इसके अलावा बस्तर, तोकापाल और जगदलपुर सहित कई इलाकों में भी बारिश हुई। सोमवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 42 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।
भीषण गर्मी से मादा भालू की मौत
मरवाही वनमंडल के पिपरिया गांव से लगे जंगल में लू और अत्यधिक गर्मी के कारण एक मादा भालू की मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
वन विभाग के अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में गर्मी और लू को मौत की वजह माना है। लगातार बढ़ते तापमान और मौसम में बदलाव का असर अब वन्यजीवों पर भी देखने को मिल रहा है।





