इंटर-स्टेट चोर गिरोह का खुलासा, रायपुर से भिलाई आकर करते थे चोरी

दुर्ग पुलिस ने इंटर-स्टेट चोर गिरोह के मुख्य आरोपी मोहम्मद नासिर हुसैन उर्फ आनस खान को रिमांड पर लेकर पूछताछ की है। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की कई वारदातों और गिरोह के काम करने के तरीके को लेकर अहम खुलासे किए हैं। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार और स्कूटी रायपुर के मेकाहारा परिसर से बरामद की है।
मेकाहारा पार्किंग में छिपाकर रखते थे औजार
पुलिस के मुताबिक आरोपी और उसके साथी पहले बंद मकानों, फ्लैटों और कॉलोनियों की रेकी करते थे। इसके बाद मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। घरों में घुसने के लिए दरवाजों के ताले तोड़े जाते थे, जबकि अलमारी और लॉकर खोलने के लिए खास तरह के औजारों का इस्तेमाल किया जाता था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार रायपुर स्थित मेकाहारा परिसर की पार्किंग में खड़ी एक्टिवा की सीट के नीचे छिपाकर रखे गए थे। जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम आरोपी को लेकर मौके पर पहुंची और औजार बरामद कर लिए।
जब्त सामान में पाना, पेचकस, कटर, लोहे की रॉड और ताला-लॉकर तोड़ने वाले कई विशेष औजार शामिल हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ औजार आरोपियों ने अपनी जरूरत के हिसाब से खास तौर पर बनवाए थे।
पुलिस ने बदला हुलिया, ऐसे मिला गिरोह का सुराग
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरोह के सदस्यों तक पहुंचने के लिए टीम ने अलग-अलग तरीके अपनाए। आरोपियों की तलाश में पुलिसकर्मी बकरा व्यापारी और जनगणना कर्मी बनकर भी इलाके में जानकारी जुटाते रहे। इसी रणनीति के जरिए पुलिस को गिरोह से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक्टिवा भी जब्त की है। आरोपी ने बताया कि वह और उसके साथी इसी वाहन से रायपुर से भिलाई-दुर्ग आते थे और चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद वापस रायपुर लौट जाते थे। मेकाहारा परिसर की पार्किंग में वाहन खड़ा करने से पुलिस को उनकी गतिविधियों की भनक नहीं लगती थी।
कई राज्यों में दर्ज हैं चोरी के मामले
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी मोहम्मद नासिर हुसैन उर्फ आनस खान का आपराधिक रिकॉर्ड कई राज्यों तक फैला हुआ है। आरोपी ने भोपाल, इंदौर, चंडीगढ़ और छिंदवाड़ा समेत कई शहरों में चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ भोपाल के गोविंदपुरा, कोहेफिजा और क्राइम ब्रांच में मामले दर्ज हैं। इसके अलावा इंदौर के पलासिया थाना क्षेत्र और चंडीगढ़ के कई थानों में भी आरोपी के खिलाफ केस दर्ज होने की जानकारी मिली है।





