छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट, कोरबा में पेड़ गिरने से 3 युवकों की मौत

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक, तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। शनिवार को आए तेज तूफान के चलते कोरबा जिले में बड़ा हादसा हो गया, जहां पेड़ की भारी डाल गिरने से तीन युवकों की मौत हो गई।

कोरबा में बारिश से बचने पेड़ के नीचे खड़े थे युवक

कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में अचानक मौसम खराब होने के बाद तीन युवक बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े हो गए थे। इसी दौरान तेज हवा के कारण पेड़ की भारी डाल टूटकर उनके ऊपर गिर गई। हादसे में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं रायपुर, सरगुजा और पेंड्रा समेत कई इलाकों में तेज बारिश और आंधी देखने को मिली। पेंड्रा में तेज हवाओं के चलते टीन शेड उड़ गए और कई जगह पेड़ भी गिर गए।

50-60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल सकती है हवा

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना बनी रहेगी। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

राजधानी रायपुर में रविवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है। दिन के दौरान गरज-चमक, धूलभरी आंधी और हल्की बारिश होने के आसार हैं। शहर का अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

ट्रफ लाइन सक्रिय होने से बदला मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मध्य पाकिस्तान से आंध्र प्रदेश तट तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है, जो राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा से होकर गुजर रही है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी से लेकर लक्षद्वीप क्षेत्र तक ऊपरी स्तर पर दूसरा सिस्टम भी सक्रिय है।

इन्हीं मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ रही है, जिसके कारण आंधी और बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है और अगले दो दिनों में तापमान में और कमी आने की संभावना है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button