रायगढ़ में बकरीद की तैयारियां पूरी, ईदगाहों और मस्जिदों में अदा होगी नमाज

रायगढ़ में ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर के कदमी ईदगाह और शाही ईदगाह समेत विभिन्न मस्जिदों में नमाज अदा की जाएगी। मुस्लिम समाज के लोग नमाज के बाद एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद देंगे।
ईदगाह और मस्जिदों में विशेष इंतजाम
घड़ी चौक स्थित कदमी ईदगाह में सुबह 8 बजे नमाज अदा की जाएगी, जबकि चांदमारी स्थित शाही ईदगाह में साढ़े 8 बजे नमाज होगी। इसके अलावा शहर की विभिन्न मस्जिदों में भी अलग-अलग समय पर नमाज का आयोजन किया गया है।
गांजा चौक स्थित जामा मस्जिद में सुबह 6 बजे, लाल टंकी स्थित नूरी मस्जिद में 6 बजे, मधुबन पारा की गरीब नवाज मस्जिद में सुबह 6:15 बजे और जूटमिल स्थित सुन्नी मक्का मस्जिद में सुबह 7 बजे नमाज अदा की जाएगी। आयोजन समितियों ने साफ-सफाई, पेयजल और अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।
बाजारों में बढ़ी रौनक
बकरीद को लेकर शहर के बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। खासतौर पर सेवइयों, ड्राई फ्रूट्स और अन्य खाद्य सामग्री की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी जा रही है। पिछले एक सप्ताह से बाजारों में खरीदारी का दौर जारी है।
त्योहार को लेकर बच्चों और युवाओं में भी खास उत्साह नजर आ रहा है। लोगों ने नए कपड़ों और जरूरत के सामान की खरीदारी की है।
नमाज के बाद मुबारकबाद का सिलसिला
सुबह नमाज अदा करने के बाद लोग एक-दूसरे को बकरीद की बधाई देंगे। घरों में पारंपरिक व्यंजन और सेवइयां बनाई जाएंगी। मुस्लिम समाज के लोगों ने पर्व को भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की है।
प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर जरूरी इंतजाम किए गए हैं ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।





