नशा करने से रोकने पर परिवार पर चाकू से हमला, पति-पत्नी और बेटा गंभीर घायल

राजधानी रायपुर के पारस नगर इलाके में देर रात मामूली विवाद खूनी झड़प में बदल गया। घर के सामने नशा करने से मना करने पर बदमाशों ने एक ही परिवार के तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में पति-पत्नी और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।
नशे का विरोध करने पर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, इलाके में कुछ युवक देर रात नशा कर रहे थे। स्थानीय निवासी अरुण साहू ने इसका विरोध करते हुए उन्हें वहां से हटने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर साहिल खान और उसके पिता इस्माइल ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। हमले में अरुण साहू, उनकी पत्नी रजनी साहू और बेटे अनुज साहू घायल हो गए। बताया जा रहा है कि अरुण और उनके बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद इलाके में मचा हड़कंप
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
मौके पर पहुंची गंज थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीसीपी सेंट्रल और एसीपी कोतवाली भी मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
दो आरोपी हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी साहिल खान और उसके पिता इस्माइल को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी मिल सके।





