फेक मैरिज पार्टी पर बवाल, ग्रामीणों के विरोध के बाद पुलिस पहुंची रिसोर्ट

दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा क्षेत्र स्थित एक रिसोर्ट में आयोजित होने वाली फेक मैरिज पार्टी को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आयोजन की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग नाराज होकर रिसोर्ट पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस को मौके पर पहुंचकर मामला संभालना पड़ा। बाद में रिसोर्ट प्रबंधन ने इवेंट को स्थगित करने की घोषणा कर दी।
ग्रामीणों ने जताई धार्मिक भावनाएं आहत होने की आशंका
जानकारी के मुताबिक, धमधा रोड स्थित रिसोर्ट में 30 मई को फेक मैरिज थीम पर पार्टी आयोजित की जानी थी। आयोजन में शामिल होने वाले कपल्स के लिए दूल्हा-दुल्हन जैसा ड्रेस कोड तय किया गया था और एंट्री फीस भी रखी गई थी।
ग्रामीणों का कहना था कि शादी जैसे पवित्र संस्कार को मनोरंजन का हिस्सा बनाना गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के आयोजन से सामाजिक और धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं। विरोध बढ़ने के बाद ग्रामीणों और रिसोर्ट प्रबंधन के बीच तीखी बहस भी हुई।
पुलिस ने मैनेजर पर की कार्रवाई
मामले की सूचना मिलते ही जेवरा सिरसा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर माहौल शांत कराया। प्रशासन का कहना है कि आयोजन को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन रही थी और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने रिसोर्ट मैनेजर ब्रह्म दत्त पांडे के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। उन्हें भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया।
मौसम का हवाला देकर इवेंट किया स्थगित
विवाद बढ़ने के बाद रिसोर्ट प्रबंधन ने फेक मैरिज पार्टी को फिलहाल स्थगित करने का फैसला लिया। प्रबंधन की ओर से तेज गर्मी और मौसम को इसकी वजह बताया गया।
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने कहा कि यदि किसी आयोजन से सामाजिक या धार्मिक विवाद की स्थिति बनने की आशंका होती है, तो प्रशासन कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई करेगा। पुलिस की मौजूदगी के कारण किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई और स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।





