योग आयोग अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का हार्ट अटैक से निधन, भाजपा में शोक की लहर

छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। वे भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान कार्यक्रम में शामिल होने बिलासपुर पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर से भाजपा और राजनीतिक गलियारों में शोक का माहौल है।
प्रशिक्षण शिविर के दौरान बिगड़ी तबीयत
रूपनारायण सिन्हा बिलासपुर के तिफरा क्षेत्र में आयोजित भाजपा जिला प्रशिक्षण वर्ग में शामिल हुए थे। उन्हें इस प्रशिक्षण अभियान की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। कार्यक्रम के दूसरे दिन अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। मौके पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें तुरंत सिम्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक अमर अग्रवाल समेत कई भाजपा नेता मौजूद थे। निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे।
भाजपा नेताओं ने जताया दुख
रूपनारायण सिन्हा लंबे समय से भाजपा संगठन और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े हुए थे। योग और जनसंपर्क कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भूमिका मानी जाती थी। भाजपा नेताओं ने उनके निधन को पार्टी के लिए बड़ी क्षति बताया है।
बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि रूपनारायण सिन्हा ने संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं और पार्टी को मजबूत करने में अहम योगदान दिया। उनके निधन से भाजपा परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है।
आज होगा अंतिम संस्कार
अस्पताल में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनका पार्थिव शरीर रायपुर ले जाया गया। वहां भाजपा नेताओं और समर्थकों ने अंतिम दर्शन किए। बताया जा रहा है कि आज रायपुर में पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
निधन की खबर के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर है। कई सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।





