ढाबे में छात्रों पर हमला, लाठी-डंडों और पाइप से बेरहमी से पीटा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में देर रात ढाबे में खाना खाने पहुंचे तीन छात्रों पर बदमाशों ने लाठी-डंडों, पाइप और पत्थरों से हमला कर दिया। मामूली विवाद के बाद 6 से 7 युवकों ने छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। घटना का वीडियो CCTV कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
घूरकर देखने की बात पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, तारबाहर चौक निवासी हर्ष पटेल अपने दोस्तों आदित्य साहू और आदित्य मुदलियार के साथ सकरी क्षेत्र स्थित एक ढाबे में खाना खाने गया था। रात करीब 2 बजे जब तीनों ढाबे से बाहर निकल रहे थे, तभी वहां मौजूद युवक सुमीत यादव ने घूरकर देखने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
आरोप है कि पहले गाली-गलौज की गई और विरोध करने पर आरोपी ने अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर छात्रों पर हमला कर दिया। मारपीट में तीनों छात्र घायल हो गए।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
ढाबे में लगे CCTV कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। वायरल वीडियो में बदमाश छात्रों को दौड़ाकर पीटते नजर आ रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी सुमीत यादव को ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लोहे का चाकू भी बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।
ढाबा संचालक समेत तीन और गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने ढाबा संचालक और दो अन्य युवकों को भी गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग पुलिस पर दबाव बनाकर मुख्य आरोपी को छोड़ने की कोशिश कर रहे थे और कार्रवाई में बाधा डाल रहे थे।
पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।





