चलती BMW की सनरूफ पर युवती का डांस, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने कार जब्त की

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में चलती BMW कार में स्टंटबाजी का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। वायरल वीडियो में एक युवती तेज रफ्तार कार की सनरूफ खोलकर डांस करती नजर आ रही है। यह मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र के रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे का बताया जा रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार चालक प्रतीक लूथर को हिरासत में लेकर उसकी BMW कार जब्त कर ली। युवक शुभम विहार इलाके का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट और यातायात नियमों के तहत कार्रवाई की है।
हाईवे पर स्टंटबाजी का वीडियो हुआ वायरल
जानकारी के मुताबिक रविवार रात युवक अपनी गर्लफ्रेंड के साथ हाईवे पर घूमने निकला था। इसी दौरान युवती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर डांस करने लगी। पीछे से गुजर रहे राहगीरों ने इस पूरी घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो सामने आने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपी युवक की पहचान की। पूछताछ में युवक ने ट्रैफिक नियम तोड़ने की बात स्वीकार कर ली।
पहले भी सामने आ चुके हैं स्टंटबाजी के मामले
बिलासपुर में इससे पहले भी हाईवे पर लग्जरी कारों के साथ स्टंटबाजी और रील बनाने के मामले सामने आ चुके हैं। कुछ महीने पहले युवकों के एक समूह ने नेशनल हाईवे पर गाड़ियों का काफिला निकालकर सड़क जाम कर दिया था। इस दौरान चलती कारों में खतरनाक स्टंट करते हुए वीडियो बनाए गए थे।
एक अन्य मामले में रसूखदार युवकों ने हाईवे पर लग्जरी कारें खड़ी कर फोटोशूट और रील्स बनाई थीं, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम लग गया था। इन घटनाओं के बाद पुलिस ने कार्रवाई भी की थी।
पुलिस ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ में लोग अपनी और दूसरों की जान खतरे में डाल रहे हैं। चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलना यातायात नियमों के खिलाफ होने के साथ बेहद खतरनाक भी है।
एएसपी रामगोपाल करियारे ने कहा कि हाईवे पर छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे स्टंटबाजी और लापरवाही से वाहन चलाने से बचें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।





