छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बढ़ी सियासी हलचल: बयानबाजी के बीच दीपक बैज ने टीएस सिंहदेव के छुए पैर

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रही बयानबाजी के बीच कोरबा में आयोजित एक कार्यक्रम में दिलचस्प राजनीतिक तस्वीर देखने को मिली। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के पैर छुए। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच बातचीत और हंसी-मजाक भी देखने को मिला। कार्यक्रम का वीडियो सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हाल ही में टीएस सिंहदेव ने कहा था कि यदि पार्टी नेतृत्व उन्हें जिम्मेदारी देता है तो वे प्रदेश अध्यक्ष का पद संभालने के लिए तैयार हैं। इसके बाद कांग्रेस नेताओं के बीच बयानबाजी का दौर शुरू हो गया था।
प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर तेज हुई बयानबाजी
टीएस सिंहदेव ने एक इंटरव्यू में कहा था कि हर कांग्रेसी की जिम्मेदारी संगठन को मजबूत करना है और यदि पार्टी उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देती है तो वे इसे निभाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि वे छत्तीसगढ़ में रहकर ही काम करना चाहते हैं और लगातार लोगों से मुलाकात कर रहे हैं।
इसके जवाब में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा था कि टीएस सिंहदेव वरिष्ठ नेता हैं और उन्हें दिल्ली में जाकर काम करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में युवाओं को मौका मिलना चाहिए।
सिंहदेव ने बयान में यह भी कहा था कि बड़े नेताओं की चर्चा हो रही है तो यह भी देखा जाना चाहिए कि कौन चुनाव जीता और कौन हारा। उन्होंने खुद के साथ-साथ दीपक बैज के चुनाव हारने का भी जिक्र किया था।
भूपेश बघेल ने कहा- फैसला हाईकमान का
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष जैसे फैसले पार्टी हाईकमान तय करता है। उन्होंने कहा कि वे टीएस सिंहदेव के बयानों पर प्रतिक्रिया नहीं देते।
भूपेश बघेल ने दीपक बैज के कामकाज की तारीफ करते हुए कहा कि वे पिछले साढ़े तीन साल से संगठन का नेतृत्व कर रहे हैं। किसे कौन सी जिम्मेदारी देनी है, यह पूरी तरह पार्टी नेतृत्व का फैसला होता है।
इधर भाजपा ने भी कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति पर निशाना साधा है। मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि कांग्रेस में अंतर्कलह लगातार सामने आ रही है और पार्टी अपने नेताओं का सही सम्मान नहीं कर पा रही है।
वीडियो सामने आने के बाद बढ़ी राजनीतिक चर्चाएं
कोरबा में हुए राज्य स्तरीय महासम्मेलन में दीपक बैज द्वारा टीएस सिंहदेव के पैर छूने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। राजनीतिक जानकार इसे कांग्रेस के भीतर चल रही खींचतान और सियासी संतुलन से जोड़कर देख रहे हैं।
हालांकि कार्यक्रम में दोनों नेताओं के बीच सहज माहौल नजर आया और दोनों ने साथ बैठकर बातचीत भी की। इसके बावजूद प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर कांग्रेस के भीतर जारी चर्चाओं ने राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है।





