सरगुजा संभाग में दर्दनाक सड़क हादसे, 6 लोगों की मौत: ट्रैक्टर ने 4 मजदूरों को घसीटा, हाईवे पर कार की टक्कर से 2 ग्रामीणों की जान गई

छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में रविवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में 6 लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा बलरामपुर जिले के सनावल थाना क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक चलती ट्रैक्टर में जा घुसी। हादसे में चार मजदूरों की मौके पर मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर हुई, जहां तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो ग्रामीणों को कुचल दिया।
ट्रैक्टर हादसे में एक ही परिवार के 4 युवकों की मौत
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पीपरपान के पास रविवार शाम करीब 6:30 बजे ईंट से भरे ट्रैक्टर से बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर चालक ने वाहन नहीं रोका और घायलों को करीब 100 मीटर तक घसीटता रहा। बाद में वह घायलों को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान राकेश पंडो (17), रमेश पंडो (19), नरेश पंडो (19) और मनोज पंडो (21) के रूप में हुई है। सभी मृतक आपस में चचेरे भाई थे और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर का इंजन छिपाने की कोशिश की गई। मामले में ट्रैक्टर चालक प्रेमचंद यादव, रामनारायण यादव और वाहन मालिक अशोक यादव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
नेशनल हाईवे पर कार की टक्कर से 2 ग्रामीणों की मौत
दूसरा हादसा सरगुजा जिले के जजगा के पास नेशनल हाईवे-130 पर रविवार रात हुआ। बाइक सवार दो ग्रामीण जैसे ही मुख्य मार्ग पर पहुंचे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक कई मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए।
हादसे में जय सिंह (50) और रामकुमार (60), दोनों निवासी महुआटिकरा, की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों मेहमानी से लौट रहे थे। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों से दहशत
सरगुजा संभाग में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन जानलेवा दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।





