जांजगीर में कांग्रेस नेता के बेटे की हत्या का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार; कारोबार और रंजिश बनी मर्डर की वजह

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में कांग्रेस नेता के बेटे आयुष कश्यप हत्याकांड में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि कारोबार की प्रतिस्पर्धा, पैसों का विवाद और पुरानी रंजिश के चलते इस हत्या की साजिश रची गई थी। मामले में मुख्य साजिशकर्ता अब भी फरार बताया जा रहा है।

घटना बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव की है, जहां 23 अप्रैल की रात तीन नकाबपोश बदमाश घर में घुसकर गोलीबारी कर फरार हो गए थे। हमले में 19 वर्षीय आयुष कश्यप की मौत हो गई थी, जबकि उसका छोटा भाई घायल हो गया था।

कारोबार और रसूख से बढ़ी दुश्मनी

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आयुष अपने पिता के रेत और गिट्टी के कारोबार को संभाल रहा था। हाल के दिनों में उसका प्रभाव और आर्थिक स्थिति तेजी से बढ़ रही थी, जिससे आरोपी उससे दुश्मनी रखने लगे थे।

पुलिस के मुताबिक आरोपी भूषण बघेल ने पहले भी आयुष के पिता सम्मेलाल कश्यप की हत्या के लिए सुपारी ली थी, लेकिन उस समय वारदात को अंजाम नहीं दिया जा सका। बाद में आरोपियों ने मिलकर आयुष और उसके परिवार को निशाना बनाने की योजना बनाई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हेमंत कुमार बघेल, भूषण बघेल और अमित टंडन के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से घटना में इस्तेमाल पिस्टल, मैगजीन और बाइक बरामद की है।

वारदात के बाद गुजरात भागे आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गुजरात भाग गए थे और वहां काम करने लगे थे। पुलिस ने तकनीकी जांच और लगातार निगरानी के बाद उन्हें पूछताछ के लिए छत्तीसगढ़ बुलाया, जहां उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस टीमों ने गुजरात, तमिलनाडु, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, ओडिशा, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में दबिश दी। जांच के दौरान 200 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए।

पुलिस के अनुसार घटना वाली रात आरोपियों ने पहले घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़े और फिर घर में घुसकर परिवार को निशाना बनाया।

घर में घुसकर की गई थी फायरिंग

घटना के समय आयुष अपने भाई और बहन के साथ कमरे में सो रहा था। बदमाशों ने पहले माता-पिता को कमरे में बंद किया और फिर आयुष पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली उसके सिर और सीने में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बीच-बचाव करने आए छोटे भाई को भी गोली लगी थी। वारदात के बाद आरोपी घर से नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो गए थे।

पुलिस का कहना है कि मामले में मुख्य साजिशकर्ता और अन्य सहयोगियों की तलाश अभी जारी है। जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button