बिलासपुर में कबाड़ माफिया की VIP खातिरदारी!, थाने में चाय पीते तस्वीर वायरल

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में पुलिस और कबाड़ माफिया की कथित सांठगांठ को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक तस्वीर ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तस्वीर में कथित कबाड़ माफिया अकबर खान को कोनी थाने के भीतर आराम से बैठकर चाय पीते देखा जा सकता है।

वायरल फोटो में अकबर खान कुर्सी पर बैठा नजर आ रहा है, जबकि आसपास मौजूद पुलिसकर्मी उससे बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। इस तस्वीर के सामने आने के बाद लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई कि आरोपी को थाने में वीआईपी ट्रीटमेंट दिया जा रहा है। सोशल मीडिया पर यूजर्स पुलिस की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोनी थाना क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कबाड़ कारोबार चल रहा है और पुलिस की मिलीभगत के बिना यह संभव नहीं है। बंद कमरों में यह चर्चा भी तेज है कि कथित तौर पर हर महीने बंधी रकम लेकर इस कारोबार को संरक्षण दिया जाता है। मामले में प्रधान आरक्षक बालेश्वर तिवारी और आरक्षक अनुज जांगड़े की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।

हैरानी की बात यह है कि दो दिन पहले ही बिलासपुर एसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध कबाड़ियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद कोनी थाना क्षेत्र स्थित अवतार पैलेस के सामने संचालित कबाड़ दुकान पर केवल धारा 170 बीएनएस के तहत औपचारिक कार्रवाई कर खानापूर्ति करने का आरोप लग रहा है।

मामले ने तूल पकड़ा तो एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि आरोपी को कोई वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं दिया गया था। पुलिस ने उसे दस्तावेजों की जांच के लिए थाने बुलाया था। ASP ने यह भी बताया कि विवादित कबाड़ दुकान को फिलहाल सील कर दिया गया है। फिलहाल वायरल तस्वीर के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं और मामले की चर्चा पूरे शहर में हो रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button